अनूपपुर नगर के हर चौक-चौराहे व बस स्टैंड पर प्याऊ की हो व्यवस्था नगर पालिका परिषद ध्यान दे। सड़क किनारे स्थापित शासकीय एवं अशासकीय कार्यालय भी करें यह पुण्य कार्य – प्लास्टिक की बोतलों से मिले निजात ।
अनूपपुर। (आदर्श दुबे ✍️)
भीषण गर्मी का दौर जारी है और तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में राहगीरों, यात्रियों और आम नागरिकों को प्यास बुझाने के लिए सड़कों पर पेयजल की पर्याप्त सुविधा न होना एक बड़ी चिंता का विषय बनता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर नगर के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और समाज दोनों से एक अहम अपील की है।
हर चौराहे और बस स्टैंड पर हो प्याऊ की व्यवस्था
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि नगरपालिका अनूपपुर हर मुख्य चौक-चौराहे, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेयजल के प्याऊ अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं, जिससे राह चलते यात्रियों को पीने का साफ और ठंडा पानी मिल सके।
प्लास्टिक की बोतलों से मिले निजात
यह पहल न केवल प्यास बुझाने के लिए उपयोगी होगी, बल्कि बार-बार प्लास्टिक की पानी की बोतलें खरीदने की प्रवृत्ति को भी कम करेगी, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाले प्लास्टिक कचरे से भी मुक्ति मिल सकेगी।
हर समाजसेवी रखे अपने घर/दुकान के सामने एक घड़ा
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपील की है कि प्रत्येक समाजसेवी, दुकानदार, व्यवसायी और जागरूक नागरिक अपने घर या प्रतिष्ठान के सामने एक पानी का घड़ा अवश्य रखें। यह एक छोटा प्रयास किसी प्यासे के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
प्रशासन और समाज से सहयोग की अपील
नगरवासियों ने प्रशासन से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है और साथ ही समाज से भी आग्रह किया है कि इस अभियान को जनआंदोलन बनाया जाए। "भीषण गर्मी में एक घड़ा पानी, किसी की जिंदगी का सहारा बन सकता है।"

No comments:
Post a Comment