बिजुरी नाबालिग युवती मौत बाद में चश्मदीद गवाह की संदिग्ध मौत के मामले में भाजपा ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग।
बिजुरी Ti विकास सिंह को तत्काल निलंबित करने की मांग।
रिपोर्ट आदर्श दुबे ✍️
अनूपपुर। बिजुरी थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत एवं घटना के प्रत्यक्षदर्शी बताए जा रहे युवक की मौत के मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। भारतीय जनता पार्टी जिला अनूपपुर द्वारा मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं सूक्ष्म जांच की मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बिजुरी निवासी नाबालिग युवती सिमरन केवट की 20 मई 2026 की रात गंभीर अवस्था में मृत्यु हुई थी। परिजनों एवं स्थानीय जनसमुदाय ने इसे सामूहिक दुष्कर्म एवं हत्या का मामला बताया है। वहीं, घटना के कथित प्रत्यक्षदर्शी अमन यादव की 23 मई को बोरिडांड रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई, जिससे लोगों के बीच कई आशंकाएं और गहरा गई हैं।
भाजपा जिला इकाई ने आरोप लगाया है कि पुलिस की प्रारंभिक जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आने से लोगों में अविश्वास की स्थिति बन रही है। ज्ञापन में कहा गया है कि कहीं न कहीं मामले को सामान्य घटना के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि जनमानस इसे दोहरी हत्या और गंभीर अपराध के रूप में देख रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ दिन पूर्व ही नगर में एक अन्य नृशंस हत्या की घटना हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं और आम जनता भयभीत है।
भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में थाना प्रभारी बिजुरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि जनता का कानून व्यवस्था एवं पुलिस प्रशासन पर विश्वास बना रहे।

No comments:
Post a Comment