लायंस क्लब अनूपपुर टाउन का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
डॉ. एस.सी. राय ने संभाली अध्यक्ष पद की कमान, कौशलेन्द्र सिंह ने सौंपा प्रभार
अनूपपुर, 30 जून। रिपोर्ट आदर्श दुबे लायंस क्लब अनूपपुर टाउन के सत्र 2026-27 का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को होटल गोविंदम, कोतमा रोड, अनूपपुर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा समाज सेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन एन.के. जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि लायंस क्लब सेवा, समर्पण और मानवता का प्रतीक संगठन है, जो समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए निरंतर कार्य करता रहा है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए सेवा कार्यों को और अधिक विस्तार देने का आह्वान किया।
शपथ अधिकारी लायन जसपाल सिंह कालरा ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। समारोह में पी.एस. राउतराय (जोनल चेयरमैन), डॉ. आर.पी. सोनी तथा सुभाष गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष लायन कौशलेन्द्र सिंह ने अपने कार्यकाल का प्रभार नव-निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. एस.सी. राय को सौंपा। नई कार्यकारिणी में दीपक सोनी को सचिव तथा दुर्गेंद्र सिंह भदौरिया को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. एस.सी. राय ने सभी सदस्यों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी टीम शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, नेत्र चिकित्सा एवं जनकल्याण से जुड़े सेवा कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएगी तथा क्लब की गौरवशाली परंपराओं को और मजबूत करेगी।
कार्यक्रम की विधिक एवं औपचारिक जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन चंद्रकांत पटेल द्वारा किया गया। अंत में अशोक शर्मा ने उपस्थित अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में लायंस क्लब के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, सौहार्द और सेवा भावना का वातावरण बना रहा।

No comments:
Post a Comment